काशीपुर। भाजपा जिला महामंत्री सुशील शर्मा ने कवि नगर मण्डल अध्यक्ष श्रीमति कल्पना राणा के द्वारा मण्डल उपाध्यक्ष अभिनव राजपूत की नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। सुशील शर्मा ने बताया कि अभिनव राजपूत को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होने कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता, गुटबाजी या आधिकारिक प्रत्याशी के खिलाफ काम करने जैसे आचरण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं जिला अध्यक्ष मनोज पाल ने बताया कि उक्त विवादित व्यक्ति जिसने चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा, जो जसपुर विधानसभा में कांग्रेस को वोट देने को प्रचार करता है उसको कवि नगर मंडल भाजपा का उपाध्यक्ष बनाना अनुचित था। जिला महामंत्री द्वारा निरस्त करना बिल्कुल उचित है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा की यह कार्रवाई सिर्फ अनुशासन का मामला नहीं है, बल्कि यह उन नेताओं को भी संदेश है जो अंदरखाने असंतोष या मनमुटाव के कारण पार्टी की रणनीति को प्रभावित करते हैं। निलंबन की यह कार्रवाई भाजपा की रणनीतिक मजबूती को दर्शाती है। पार्टी चाहती है कि हर नेता और कार्यकर्ता लक्ष्य पर केंद्रित रहें।









