काशीपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में पुलिस का बड़ा एक्शन देखने को मिला है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशों पर चले 15 दिन के अभियान ने अवैध असलाह तस्करों की कमर तोड़ दी है। इन 15 दिनों में पुलिस ने 77 अवैध हथियार बरामद किए। शांत माने जाने वाले उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में इन दिनों पुलिस का ‘ऑपरेशन असलाह’ जबरदस्त सुर्खियों में है। जिले के एसएसपी अजय गणपति ने जब से कमान संभाली है, तभी से अपराधियों के खिलाफ सख्त तेवर देखने को मिल रहे हैं। इसी कड़ी में अवैध हथियारों और तस्करों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया गया और नतीजे चौंकाने वाले रहे। सिर्फ 15 दिनों के भीतर पुलिस ने पूरे जिले में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 77 अवैध हथियार बरामद किए।
इतना ही नहीं 116 जिंदा कारतूस और 4 खाली खोखे भी जब्त किए गए। इस अभियान के दौरान 64 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जिससे अपराध जगत में हड़कंप मच गया है। प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जिले की कमान संभालते ही उन्होंने साफ निर्देश दिए थे कि अवैध असलाह रखने वालों और तस्करों के खिलाफ कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर यह बड़ी सफलता हासिल की।









