काशीपुर। साले से उधार के पैसे मांगने पर ससुरालियों ने युवक, उसके भाई व बहन का मारपीट कर घायल कर दिया। घटना में युवक व उसके भाई का हाथ टूट गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गड्डा कॉलोनी निवासी अंजार पुत्र अनवार हुसैन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपने साले गुलशेर को जरूरत पड़ने पर पैसे उधार दिये थे। जो उसने कुछ माह बाद वापस देने को कहा था। कहा कि उसकी बहन का विवाह 24 मई को होना था तो वह अपनी ससुराल में जाकर गुलशेर से पैसे मांगने लगा। जिस पर गुलशेर, अनीस, शमशेर व सलज कौसर और उसके परिवार के अन्य लोगो ने उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर उसपर हमला कर उसका सीधा हाथ तोड़ दिया। जब उसे बचाने उसकी बहन चांदनी व भाई फरमान आये तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की तथा उसके भाई का भी हाथ तोड़ दिया। आस-पड़ोस के लोगों ने बमुश्किल उन्हें बचाया। तहरीर में कहा कि उसकी पत्नी शबनम भी जब मायके गयी तो बहन के बनवाये गये जेवरात भी अपने साथ ले गई जो अब वापस नहीं कर रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।









