135 फीट ऊंचा तिरंगा फहराकर महापौर दीपक बाली ने रचा इतिहास, अल्ली खां में दिखा सामाजिक सौहार्द का अद्भुत संगम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

135 फीट ऊंचा तिरंगा फहराकर महापौर दीपक बाली ने रचा इतिहास, अल्ली खां में दिखा सामाजिक सौहार्द का अद्भुत संगम

काशीपुर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर काशीपुर में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की ऐसी तस्वीर देखने को मिली, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। नगर निगम में ध्वजारोहण और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में निकली विशाल तिरंगा यात्रा जब वार्ड नंबर 25 स्थित अल्ली खां चौक पहुंची तो पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज के लोगों ने एक साथ तिरंगे के नीचे खड़े होकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।

काशीपुर के इतिहास में पहली बार अल्ली खां चौक पर करीब 135 फीट ऊंचा विशाल राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। तिरंगा फहराए जाने के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। खास बात यह रही कि महापौर दीपक बाली, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा और भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल के साथ इन नारों में मुस्लिम समाज के लोग भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। निकट स्थित शमशुलउलूम जूनियर हाईस्कूल की छात्राओं ने प्रधानाचार्य रानी खान के नेतृत्व में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।

इस दौरान अल्ली खां क्षेत्र में देशभक्ति का ऐसा माहौल बना कि हर ओर तिरंगे ही तिरंगे नजर आए। मुस्लिम समाज के लोगों के घरों की छतों पर भी बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लहराते दिखाई दिए। कार्यक्रम में समाज के हर वर्ग के लोग शामिल हुए। राजनीतिक मतभेद भी इस मौके पर पीछे छूटते नजर आए और सभी लोग एक साथ तिरंगे के नीचे खड़े होकर देश के अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते दिखाई दिए।

माहौल उस समय बेहद भावुक हो गया, जब महापौर दीपक बाली ने धरती पर लेटकर तिरंगे को नमन किया। उनके इस भावपूर्ण अंदाज को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने तालियों और जयघोष के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। उपस्थित लोगों ने महापौर को अल्ली खां चौक पर विशाल तिरंगा स्थापित कराने और पूरे आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए बधाई दी।

जाति-धर्म से ऊपर होगा शहर का विकास : बाली

महापौर दीपक बाली ने कहा कि इस विशाल तिरंगे को स्थापित करने में मुस्लिम पार्षदों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। अल्ली खां की जनता ने भी इसके लिए भरपूर सहयोग दिया, जिसके लिए वह सभी के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि आज के इस पुण्य अवसर पर वह संकल्प लेते हैं कि पूरे शहर का विकास जाति और धर्म को देखकर नहीं किया जाएगा। शहर के प्रत्येक वर्ग को विकास का समान लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

प्रभात फेरी से हुई स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत

इससे पहले स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिन की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। सुबह से ही शहर का वातावरण देशभक्ति और उल्लास से भरा नजर आया। प्रभात फेरी ने शहरवासियों का मन मोह लिया। इसके बाद नगर और क्षेत्र में 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सरकारी, अर्द्ध सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों के साथ ही निजी संस्थानों में भी शान और सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

नगर निगम में महापौर-विधायक ने किया ध्वजारोहण

नगर निगम कार्यालय एवं प्रांगण में महापौर दीपक बाली, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, राज्य मंत्री सीमा चौहान, पूर्व मेयर उषा चौधरी और नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने पार्षदों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व मेयर उषा चौधरी और राज्य मंत्री सीमा चौहान ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश के अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का भावपूर्ण स्मरण किया।

छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए देशभक्ति कार्यक्रम

नगर निगम के कार्यक्रम में शिखर पब्लिक स्कूल, गुरुकुल फाउंडेशन और जीबी पंत इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत शानदार एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना की। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्र और पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया। राज्य आंदोलनकारी महापौर दीपक बाली, नीरज गुप्ता, राजेंद्र पाल, नवीन अरोरा, संजय आर्य और शगुन बत्रा को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ और कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा ने किया।

नगर निगम से निकली विशाल तिरंगा यात्रा

नगर निगम के कार्यक्रमों के बाद नगर निगम परिसर से महापौर दीपक बाली, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, जिला अध्यक्ष मनोज पाल आदि के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई वार्ड नंबर 25 के मोहल्ला अल्ली खां चौक पहुंची। यहां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर काशीपुर के इतिहास में पहली बार करीब 135 फीट ऊंचे विशाल राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया।

इस ऐतिहासिक तिरंगे की स्थापना नगर निगम महापौर दीपक बाली के प्रयासों से संपन्न हुई। तिरंगा स्थापित होने के बाद निकट स्थित शमशुलउलूम जूनियर हाईस्कूल की छात्राओं ने प्रधानाचार्य रानी खान के नेतृत्व में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा क्षेत्र शांत होकर तिरंगे के सम्मान में खड़ा रहा।

अल्ली खां में उमड़ा जनसैलाब

आयोजन के दौरान समूचा अल्ली खां क्षेत्र देशभक्ति से सराबोर नजर आया। बड़ी संख्या में लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगे लगाए। मुस्लिम समाज के घरों की छतों पर भी तिरंगे लहराते दिखाई दिए। कार्यक्रम स्थल पर भीड़ का आलम यह था कि पैर रखने तक की जगह नहीं थी। समाज के हर वर्ग के सैकड़ों लोग इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने।

ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, डॉ. यशपाल रावत, राजदीपिका मधुर, हसीन खान, मु. अशरफ एडवोकेट, पूर्व चेयरमैन शमसुद्दीन, मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह, पार्षद एवं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, पार्षद पुष्कर बिष्ट, विजय बॉबी, अनिल कुमार, संदीप मोनू, मयंक मेहता, राशिद फारुकी, शाह आलम, संजय शर्मा, सीमा सागर, प्रिंस बाली, बीना नेगी, हर्ष रत्नाकर, रविंद्र राणा, शिवेंद्र खनायत, इकबाल अदीब, अनिरुद्ध गौड़, राबिया बेगम, मुकेश चावला, पंकज टंडन, गौतम मेहरोत्रा, अमन बाली, गोपाल कृष्ण, ब्रजेश सैनी, अशोक सैनी, पार्षद मोहम्मद अर्शी, सरफराज, पार्षद पति इरफान गुड्डू, सादिक हुसैन, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, शालिनी नेगी, सफाई निरीक्षक दिनेश ध्यानी, निखिल सेतिया, सुरेंद्र छाबड़ा, राजेंद्र चावला, अनिल माटा, गोल्डी, कैलाश प्रजापति, राजकुमार यादव, संजय अरोरा, नगर पालिका के पूर्व वाइस चेयरमैन कैलाश सिंह प्रजापति एडवोकेट, शशांक सिंह चौधरी, समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी, पंकज टंडन समेत नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और समाज के हर वर्ग के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन ने काशीपुर में राष्ट्रप्रेम के साथ-साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की मजबूत तस्वीर पेश की। अल्ली खां चौक पर 135 फीट ऊंचे तिरंगे के नीचे एक साथ खड़े लोगों ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रध्वज के सामने सभी भेद पीछे छूट जाते हैं और देश सबसे ऊपर है।

Prime Focus
Author: Prime Focus

Leave a Comment

और पढ़ें