(भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त, चोर-उचक्कों और जेबकतरों पर पुलिस की पैनी नजर)

काशीपुर। करवा चौथ पर्व के मद्देनजर काशीपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। त्योहार की खरीदारी के लिए मुख्य बाजार में उमड़ रही ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। बाजार में शांति व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को किसी भी अप्रिय घटना से सुरक्षित रखने के लिए पुलिस टीम सड़कों पर उतरकर पैदल गश्त कर रही है।

पुलिसकर्मी बाजार के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने के साथ ही चोर-उचक्कों और जेबकतरों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक जाम और असुविधा का सामना न करना पड़े।
काशीपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहार की खरीदारी बेफिक्र होकर करें, लेकिन अपने पर्स, मोबाइल फोन, आभूषण और अन्य कीमती सामान के प्रति सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सुगम यातायात बनाए रखने के लिए निगरानी एवं गश्त जारी रहेगी, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में करवा चौथ की खरीदारी कर सकें।








