काशीपुर, 14 जुलाई। ग्राम कचनालगुसाई स्थित कब्रिस्तान की भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण के मामले में तहसील प्रशासन ने संयुक्त टीम का गठन करते हुए 15 जुलाई 2026 को मौके पर नाप-जोख एवं जांच कराने का निर्णय लिया है।
तहसीलदार काशीपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार कब्रिस्तान कमेटी के सदर हाजी शमशाद हुसैन द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया था कि ग्राम कचनालगुसाई के खसरा संख्या 76/18 की कब्रिस्तान भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा एवं निर्माण कार्य किया जा रहा है। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि उक्त भूमि को लेकर न्यायालय में वाद विचाराधीन रहा है तथा पूर्व में प्रशासन द्वारा यथास्थिति बनाए रखने के आदेश भी जारी किए गए थे।
राजस्व अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर तहसील प्रशासन ने राजस्व विभाग, बंदोबस्त विभाग, चकबंदी विभाग तथा नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम गठित की है। साथ ही नियत तिथि पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना आईटीआई काशीपुर को आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
वक्फ मामलों के अधिवक्ता अली अनवर एडवोकेट ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में कब्रिस्तान की भूमि की विधिवत नाप-जोख की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में दो अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध माननीय उच्च न्यायालय द्वारा संपत्ति खाली कराने के आदेश भी पारित किए जा चुके हैं, जिनका अनुपालन किया जाना शेष है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संयुक्त पैमाइश और प्रशासनिक जांच के बाद न्यायालय के आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कब्रिस्तान की भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा।
अली अनवर एडवोकेट ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए सरकारी अभिलेखों एवं न्यायालय के आदेशों के अनुरूप कब्रिस्तान की भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।









