—स्वच्छ परिवार प्रमाण पत्र पाने वाले परिवारों को हाउस टैक्स में मिलेगी 10 प्रतिशत की छूट, 602 करोड़ की ड्रेनेज योजना की दी जानकारी—

काशीपुर। शहर को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाने तथा काशी की तर्ज पर काशीपुर को सजाने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से शुरू की गई स्वच्छता चौपाल का मंगलवार को वार्ड नंबर एक स्थित गिरीताल बाईपास रोड पर आयोजन किया गया। यह महापौर दीपक बाली की ओर से आयोजित दूसरी स्वच्छता चौपाल थी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल रहे। चौपाल में महापौर ने नागरिकों से सीधा संवाद करते हुए शहर की सफाई व्यवस्था में सहयोग और सहभागिता की अपील की।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम अकेले पूरे शहर को स्वच्छ नहीं रख सकता। शहर को साफ रखने में नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर से निकलने वाला कचरा सड़क, नाली अथवा खाली प्लॉट में न डालें और उसे नगर निगम के कूड़ा वाहन में ही दें। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नालियों में जमा प्लास्टिक और पॉलीथिन जल निकासी में बड़ी बाधा बनती है।

महापौर ने हाल में हुई बारिश का उदाहरण देते हुए कहा कि बारिश के दौरान कई स्थानों पर पानी भरा, लेकिन पानी जल्द निकल गया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। कुछ लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं, लेकिन वह सोशल मीडिया पर जवाब देने के बजाय जनता के बीच आकर अपनी बात रखने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों और पर्यावरण मित्रों की मेहनत का ही परिणाम है कि बारिश का पानी जल्दी निकल सका।

602 करोड़ की ड्रेनेज योजना से होगा जलभराव का स्थायी समाधान
महापौर दीपक बाली ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का काशीपुर के प्रति विशेष प्रेम है। उनके आशीर्वाद और सहयोग से काशीपुर के लिए लगभग 602 करोड़ रुपये की ड्रेनेज योजना तैयार की गई है। योजना के प्रथम चरण में रामनगर रोड से मुरादाबाद रोड तक के क्षेत्र को शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए लगभग 220 करोड़ रुपये का टेंडर अपलोड किया जा चुका है और 10 सितंबर को इसे खोला जाना है। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष अक्टूबर से कार्य शुरू होने की उम्मीद है। महापौर ने कहा कि पिछले वर्षों में शहर की आबादी तेजी से बढ़ी है, जबकि पुराने समय की नालियां और नाले उसी अनुपात में हैं। ऐसे में बड़े स्तर की ड्रेनेज योजना के बिना जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं था।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत नालों और नालियों को चौड़ा करने, बड़े नालों को पक्का करने तथा आवश्यक स्थानों पर स्लैब डालने सहित अन्य कार्य किए जाएंगे।
तीन स्वच्छ परिवार प्रमाण पत्र पर हाउस टैक्स में 10 प्रतिशत छूट

स्वच्छता चौपाल में महापौर ने नागरिकों के लिए प्रोत्साहन योजना की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि जो परिवार अपने घर से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करके नगर निगम की कूड़ा गाड़ी को देंगे, उन्हें स्वच्छ परिवार प्रमाण पत्र दिया जाएगा। एक माह में तीन स्वच्छ परिवार प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले परिवारों को हाउस टैक्स में 10 प्रतिशत की रियायत दी जाएगी।
महापौर ने बताया कि सूखा और गीला कचरा अलग रखने के लिए नगर निगम की ओर से प्रत्येक घर को दो डस्टबिन नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह अभियान वार्ड नंबर एक से शुरू किया गया है और लगभग साढ़े तीन माह में घर-घर तक डस्टबिन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
सफाई मित्रों के सम्मान का किया आह्वान

महापौर ने नागरिकों से सफाई कर्मियों और पर्यावरण मित्रों के प्रति सम्मान का भाव रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र धूप, बारिश और खराब मौसम के बावजूद शहर को साफ रखने के लिए लगातार काम करते हैं। यदि नागरिक अपने घर के सामने की सफाई की जिम्मेदारी भी स्वयं निभाएं तो शहर और अधिक सुंदर नजर आएगा।
उन्होंने कहा कि केवल घर के अंदर सफाई रखना पर्याप्त नहीं है। सड़क, पार्क और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी अपना समझकर उनकी स्वच्छता का ध्यान रखना होगा। तभी काशीपुर वास्तविक रूप से स्वच्छ और सुंदर बन सकेगा।
खेल और गतिविधियों के माध्यम से समझाया कचरा पृथक्करण

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को कचरा पृथक्करण की जानकारी देने के लिए मनोरंजक खेल और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों से अलग-अलग प्रकार के कचरे को उचित डस्टबिन में डालने तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सवाल पूछे गए। कार्यक्रम में प्लास्टिक, जैविक कचरे, रासायनिक एवं खतरनाक कचरे तथा रिसाइकिल होने वाली वस्तुओं के अलग-अलग निस्तारण की जानकारी भी दी गई।
मनोज पाल ने की पहल की सराहना

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने महापौर दीपक बाली की पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता को लेकर शुरू की गई यह अनूठी पहल बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि वह पूरे जिले में प्रयास करेंगे कि अन्य जनप्रतिनिधि भी इसी तरह की स्वच्छता चौपाल आयोजित करें।
मनोज पाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से काशीपुर के विकास के लिए दिए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने नागरिकों से काशीपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए महापौर दीपक बाली के प्रयासों में सहयोग करने का अनुरोध किया।
स्वच्छता अभियान कार्यकाल तक सीमित नहीं रहेगा

महापौर दीपक बाली ने कहा कि उनका कार्यकाल अभी साढ़े तीन वर्ष शेष है, लेकिन स्वच्छता की मुहिम केवल उनके कार्यकाल तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना निरंतर चलने वाला अभियान है और इसमें प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
चौपाल में शामिल स्त्री-पुरुष नागरिकों ने कार्यक्रम को शानदार बताते हुए महापौर की पहल की सराहना की। इस दौरान महापौर ने नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों से उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

ये रहे मौजूद
स्वच्छता चौपाल में सहायक नगर आयुक्त शालिनी नेगी, भाजपा नेता ईश्वर चंद्र गुप्ता, मोहन बिष्ट, सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप पाठक, पार्षद बीना नेगी, पूर्णिमा पाठक, सुमित्रा देवी, रजनी, धनशीला, दीपा जोशी, शंकर सिंह नेगी, कायस्थ सभा के अध्यक्ष अमिताभ सक्सेना, एडवोकेट खष्टी नेगी, राजदीपिका, मधुर, सुरेंद्र मधुर, मदन सिंह बिष्ट, ललित नेगी, पुरनचंद जोशी, जसवीर सिंह सैनी, अंतरप्रीत सिंह चीमा, भुवन चंद, प्रियंका अग्रवाल, अनुराधा त्रिपाठी, भाव्य पांडे, सुशांत, नवीन चौधरी, समरपाल सिंह, सफाई नायक राजेश सहित क्षेत्र के पर्यावरण मित्र और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।










