(डीएम के निर्देश हवा में, गंदगी-खराब फव्वारे और टूटी लाइटिंग के बीच होगा भारत रत्न की जयंती का आयोजन)
काशीपुर। भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती 10 सितंबर को काशीपुर में धूमधाम से मनाने की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन आयोजन से महज एक दिन पहले स्टेशन रोड स्थित पंत पार्क की बदहाली व्यवस्था के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। खास बात यह है कि जिलाधिकारी की ओर से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद पार्क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पं. गोविंद बल्लभ पंत जयंती समारोह समिति के संयोजक दिलीप मेहरोत्रा ने बताया कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले समारोह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां शामिल होती हैं। आयोजन को गरिमापूर्ण बनाने के लिए पंत पार्क की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग लगातार की जाती रही है। इस बार दिल्ली से आई टीम ने भी जिलाधिकारी के समक्ष पार्क की बदहाल व्यवस्थाओं का मुद्दा उठाया था।
उन्होंने बताया कि पार्क में जगह-जगह गंदगी पसरी है। फव्वारा खराब पड़ा है। पंत जी की प्रतिमा पर अब तक छतरी नहीं लगाई गई और प्रतिमा के चारों ओर सुरक्षा ग्रिल भी नहीं लग सकी है। बच्चों के झूले और लाइटिंग की हालत भी बदहाल है। वहीं, लंबे समय से की जा रही सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी पूरी नहीं हुई।
मेहरोत्रा ने मंगलवार को पार्क की अव्यवस्थाओं के फोटो जिलाधिकारी को भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि जयंती से ठीक पहले प्रशासन इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर पाता है या भारत रत्न की जयंती बदहाल पार्क के बीच ही मनानी पड़ेगी।

आखिर क्यों बार-बार याद दिलाना पड़ता है?
आयोजकों की तैयारी पूरी, प्रशासन की अधूरी!
हर साल पं. गोविंद बल्लभ पंत जयंती से पहले पंत पार्क की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के लिए प्रशासन को याद दिलाना पड़ता है। इस बार भी डीएम के निर्देश के बावजूद जयंती की पूर्व संध्या तक पार्क की बदहाली दूर नहीं हो सकी।
सवाल यह है—
- डीएम के निर्देश पर अमल क्यों नहीं हुआ?
- जयंती से पहले पार्क की सफाई क्यों नहीं हुई?
- फव्वारा अब तक दुरुस्त क्यों नहीं?
- प्रतिमा पर छतरी और सुरक्षा ग्रिल कब लगेगी?
- सीसीटीवी की मांग कब पूरी होगी?
आयोजक तैयार… प्रशासन अभी भी अधूरा!









