(मूसलाधार बारिश में भी सड़कों पर डटे रहे कार्यकर्ता, फूल-मालाओं से किया अभिनंदन)
जसपुर। उत्तराखंड सरकार की ओर से राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद की नई टीम गठित किए जाने के बाद भाजपा नेता डॉ. यूनुस चौधरी को उपाध्यक्ष और मुफ्ती शामून कासमी को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जिम्मेदारी मिलने के बाद जसपुर पहुंचे डॉ. यूनुस चौधरी का शुक्रवार को कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। मूसलाधार बारिश के बावजूद कार्यकर्ता घंटों सड़क पर डटे रहे। काफिला पहुंचते ही फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया।
नवनियुक्त अध्यक्ष मुफ्ती शामून कासमी ने कहा कि प्रदेश में हुनर की कमी नहीं है, जरूरत केवल उसे प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और बाजार से जोड़ने की है। परिषद हुनरमंद लोगों को आगे बढ़ाने के लिए काम करेगी।
उपाध्यक्ष डॉ. यूनुस चौधरी ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिषद की योजनाओं का लाभ केवल शहरों तक सीमित न रहकर गांवों तक पहुंचे, इसके लिए हुनरमंद युवाओं, महिलाओं और कारीगरों को प्रशिक्षण तथा स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बतादें कि परिषद के सामने प्रदेश के हुनरमंद युवाओं, महिलाओं और कारीगरों को प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में हुनर की पहचान कर पारंपरिक कारीगरों को बाजार से जोड़ना तथा पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने बताया कि परिषद के माध्यम से युवाओं के कौशल को विकसित करने, पारंपरिक हुनर को आगे बढ़ाने, महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने और पात्र लोगों को संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जायेगा ताकि पात्र लोगों को योजना का लाभ मिल सके।









