काशीपुर। उत्तर भारत का ऐतिहासिक उज्जैनी शक्तिपीठ मां बाल सुंदरी देवी मंदिर पर प्रतिवर्ष चैत्र मास में लगने वाले मेले का बृहस्पतिवार को सांसद ने विधिवत पूजा-अर्चना व देवी ध्वज पताका पहरा कर शुभारंभ किया। साथ ही लोगों को भारतीय नववर्ष और चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं दीं। चैत्र मास में लगने वाले 20 दिवसीय ऐतिहासिक चैती मेला का मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, कांग्रेसी नेती एनसी बाबा ने मुख्य गेट पर रिबन काटा। इसके बाद मां बाल सुंदरी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना व हवन किया। इसके बाद मंदिर परिसर में लगे देवी ध्वज पताका को पहराकर मेले का विधिवत धार्मिक अनुष्ठान के साथ शुभारंभ किया। इस दौरान मंदिर के मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री ने मां बाल सुंदरी देवी मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ सांसद, एनसी बाबा व उनकी पत्नी कामाक्षी सिंह समेत अन्य अतिथियों को पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान सांसद भट्ट ने कहा कि मां दुर्गा के नौ अवतार सभी जनमानस को नौ दिव्य गुणों का आशीर्वाद दें और लोगों के जीवन की सभी समस्याओं से रक्षा करें। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर मेले का आनंद उठाएं और माता का आशीर्वाद प्राप्त करें। कार्यक्रम के अंत में पंडा परिवार व मेला प्रशासन की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट करके व देवी पटका पहनाकर स्वागत सम्मान किया गया। वहीं मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री ने बताया कि मां बाल सुंदरी देवी का डोला 25 मार्च की अर्द्धरात्री पंडा आवास से मंदिर पहुंचेगा। यहां पर ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, मनोज पाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, पूर्व मेयर ऊषा चौधरी, खिलेंद्र चौधरी, मुक्ता सिंह, अलका पाल, विमल गुड़िया, आशीष गुप्ता, डॉ. गिरीश तिवारी, पार्षद विजय बॉबी व अनिल कुमार, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चंदोला, कोतवाली आईटीआई प्रभारी रवि सैनी के अलावा पंडा वंशगोपाल अग्निहोत्री, पंडा मनोज अग्निहोत्री, पंडा शक्ति अग्निहोत्री, पंडा शिवा अग्निहोत्री, पंडा कृष्ण गोपाल आदि समेत भारी संख्या में आमजन एवं पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।









