रामनगर-काशीपुर मार्ग पर गड्ढों में तब्दील सड़कें बढ़ा रही दुश्वारियां : गौतम मेहरोत्रा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

काशीपुर। कांग्रेसी नेता गौतम मेहरोत्रा ने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सड़कों को गड्ढा मुक्त रखने के दिये गये निर्देश यहां गड्ढों में पड़े नजर आते हैं। यही वजह है कि गड्ढों में तब्दील सड़कें दुश्वारियां बढ़ा रही हैं। रामनगर-काशीपुर मार्ग की हालत किसी से छिपी नहीं है। राहगीरों और वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बड़ी समस्या बन गया है। इस मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढों के कारण लोगों को जोखिम भरी यात्रा करनी पड़ रही है। हाइवे कहलाये जाने वाले इस मार्ग की लंबे समय से मरम्मत नहीं हुई है। कांग्रेसी नेता गौतम मेहरोत्रा ने कहा कि अति व्यस्त इस मार्ग पर वाहन चालकों व राहगीरो को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गहरे गड्ढों के कारण वाहनों का संतुलन बिगड़ जाने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से गुजरने वाले स्कूली वाहन, एंबुलेंस और सार्वजनिक वाहन चालक भी इन गड्ढों से प्रभावित हो रहे हैं। अचानक ब्रेक लगाने या वाहन मोड़ने पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसात में स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि पानी भरने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। कांग्रेसी नेता गौतम मेहरोत्रा ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द रामनगर-काशीपुर मार्ग की मरम्मत कराये जाने की मांग की है, ताकि सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित हो सके।

Prime Focus
Author: Prime Focus

Leave a Comment

और पढ़ें