काशीपुर। शहर के विकास को लेकर महापौर दीपक बाली ने दिन रात एक कर दिया है। लगातार हो रहे सड़कों के शिलान्यास से काशीपुर क्षेत्र की जनता अब भली भांति समझ चुकी है कि महापौर ने जो संकल्प लिया था उसे पूरा करने में वें कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं और उनकी विकास करने की रफ्तार को देखकर लग रहा है कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आशीर्वाद और नेतृत्व में काशीपुर क्षेत्र में बह रही विकास की बयार के चलते अब वह समय दूर नहीं जब सभी के घरों के सामने पक्की सड़क नजर आएंगी। महापौर दीपक बाली ने वार्ड संख्या 7 हेमपुर स्माइल दक्षिणी में 38 लाख 88 हजार की लागत से 2 सड़कों, वार्ड संख्या 6 हेमपुर स्माइल उत्तरी में 1 करोड़ 41 लाख 36 हजार की लागत से 3 सड़कों तथा वार्ड संख्या 34 गिरीताल में 20 लाख 34 हजार की लागत से 1 सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, जल निकासी और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या झेल रहे लोगों को अब राहत मिलेगी और आने-जाने में सुगमता आएगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से नेता को यह समझना चाहिए की जनता ने उसे क्यों चुना है? इसी तरह जनता को भी यह समझना चाहिए कि उसने जिस नेता को चुना है वह विकास कर भी रहा है या नहीं? आज जिस क्षेत्र में सड़कों का शिलान्यास हुआ उनमें अधिकांश हैं तो नगर निगम काशीपुर के क्षेत्र में मगर उनका विधानसभा क्षेत्र बाजपुर पड़ता है लिहाजा महापौर दीपक बाली ने इस क्षेत्र की जनता का आह्वान किया कि आने वाले समय में वह चुनाव चिन्ह कमल को जिताकर देहरादून विधानसभा में भेजें। बाजपुर विधानसभा क्षेत्र से दो बार भाजपा से चुनाव लड़ चुके युवा एवं तेज तर्रार नेता राजेश कुमार भी इस कार्यक्रम में जोर-शोर से शामिल हुए और उन्होंने इस क्षेत्र में सड़कों के साथ-साथ अन्य विकास कार्य कराने पर महापौर दीपक बाली का आभार जताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ सांसद प्रतिनिधि राहुल पैगिया, मंडल अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पार्षद अनूप सिंह, सतीश कुमार, विजय बॉबी, शक्ति केंद्र संयोजक कमलेश कुमार, जसवीर सिंह सैनी, चौधरी समरपाल सिंह, तेज बहादुर गुप्ता, गौरव शर्मा तथा बूथ अध्यक्ष बलजीत सिंह आदि रहे। स्थानीय निवासियों ने सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत पर खुशी जताते हुए महापौर दीपक बाली का आभार व्यक्त किया।

वहीं महापौर दीपक बाली ने स्वच्छता सप्ताह के अंतर्गत नगर निगम काशीपुर द्वारा स्वच्छता जागरूकता हेतु विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए और इसी क्रम में बाल्मीकि सभागार में स्कूल के बच्चों के लिए स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम एवं पोस्टर/ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 20 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों को पेंटिंग सामग्री उपलब्ध करायी गयी, जिसके माध्यम से उन्होंने स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन पर आकर्षक एवं प्रेरणादायक चित्र बनाए। कार्यक्रम में माननीय महापौर श्री दीपक बाली जी की गरिमामयी उपस्थिति रही, उन्होंने बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त, विद्यालय स्तर पर भी नगर निगम टीम द्वारा शिक्षकों के सहयोग से स्वच्छता जागरूकता अभियान के अंतर्गत GPS कटोराताल काशीपुर; सुदामा लाल राजकीय प्राथमिक विद्यालय,काशीपुर; राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जसपुर खुर्द; आर्य कन्या इंटर कॉलेज ,काशीपुर; GUPS रजपुरा रानी , काशीपुर में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया एवं स्वच्छता विषय पर रचनात्मक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं सर्टिफिकेट वितरित किए गए। यह पहल बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं उन्हें स्वच्छ शहर निर्माण में सहभागी बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।








