काशीपुर। चंपावत में नाबालिग के साथ हुई दरिंदगी और आरोपियों को कथित राजनीतिक संरक्षण दिए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजाक के निर्देशानुसार युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया।
महाराणा प्रताप चौक पर आयोजित प्रदर्शन में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और दोषियों को फांसी देने की मांग उठाई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि चंपावत की घटना ने देवभूमि उत्तराखंड की आत्मा को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने के बजाय उन्हें संरक्षण देने का कार्य कर रही है। कहा कि युवा कांग्रेस ऐसे मुद्दों पर चुप बैठने वाली नहीं है और जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेसियों ने मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की त्वरित सुनवाई कर दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं और सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में शामिल हर संदिग्ध व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान महानगर अध्यक्ष अलका पाल, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, राजू छीना, मौ. आरिफ सैफी, इन्दुमान, हैदर अली, मंसूर अली, मोहम्मद हनीफ गुड्डू, लवदीप सिंह, अनीस अंसारी, तौकीर अंसारी, वसीम रज़ा, शाह आलम, रांझना गुप्ता, साहिल रज़ा, ललित मोहन, रियासत सैफी, फ़ैज़ान अंसारी सहित युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।









