शिवम शर्मा की पहल से सजा उत्तराखंड ओपन स्नूकर टूर्नामेंट, दिक्षांत नेगी बने पहले चैंपियन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

(शिवम शर्मा ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला, बोले— खेलों से बनेगा युवाओं का उज्ज्वल भविष्य)

काशीपुर। शहर में पहली बार आयोजित 5 दिवसीय उत्तराखंड ओपन स्नूकर टूर्नामेंट का रविवार को भव्य समापन हुआ। गेमिंग अड्डा, फैशन अड्डा एवं फूड अड्डा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ने प्रदेशभर के स्नूकर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच प्रदान किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

 

फाइनल मुकाबले में देहरादून के दिक्षांत नेगी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं रामनगर के शैलेन्द्र डंगवाल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उपविजेता (रनर-अप) का स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले कमल बिष्ट और अमन नागपाल ने भी अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से सभी का ध्यान आकर्षित किया। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के सटीक निशाने, शानदार ब्रेक्स और बेहतरीन तकनीक की दर्शकों ने जमकर सराहना की।

प्रतियोगिता के मुख्य प्रायोजक उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं ग्रैंड ग्रीन डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, काशीपुर के निदेशक शिवम शर्मा रहे। उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में समापन समारोह में शिरकत कर विजेता दिक्षांत नेगी, उपविजेता शैलेन्द्र डंगवाल तथा सेमीफाइनलिस्ट कमल बिष्ट और अमन नागपाल सहित अन्य खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मोमेंटो एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आयोजन समिति ने भी शिवम शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर शिवम शर्मा ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष और सकारात्मक सोच विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। यदि खिलाड़ियों को लगातार अवसर और प्रोत्साहन मिलता रहा तो प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित करेंगे।

 

उन्होंने कहा कि ग्रैंड ग्रीन डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड भविष्य में भी खेल, शिक्षा एवं सामाजिक गतिविधियों में अपना सहयोग निरंतर जारी रखेगी। प्रदेश के युवाओं को खेलों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, आयोजन समिति और दर्शकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

आयोजन समिति ने बताया कि काशीपुर में पहली बार आयोजित इस उत्तराखंड ओपन स्नूकर टूर्नामेंट को खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का अभूतपूर्व समर्थन मिला। पूरे आयोजन के दौरान उत्कृष्ट व्यवस्थाएं, अनुशासन और खेल भावना देखने को मिली। खिलाड़ियों ने भी आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रदेश में स्नूकर जैसे खेलों को नई पहचान देने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेंगी।

 

समापन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का सफल संचालन गेमिंग अड्डा, फैशन अड्डा एवं फूड अड्डा की टीम द्वारा किया गया। यह प्रतियोगिता काशीपुर के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में याद की जाएगी और भविष्य में उत्तराखंड में स्नूकर खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी।

Prime Focus
Author: Prime Focus

Leave a Comment

और पढ़ें