(25 साल बाद बसों के काफिले में रैली पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, स्व. सत्येंद्र चंद्र गुड़िया की यादें हुईं ताजा; डॉ. दीपिका बोलीं- 2027 में भाजपा की विदाई तय)
हल्द्वानी/काशीपुर। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान से शंखनाद रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में आयोजित रैली में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। रैली में काशीपुर की भी दमदार मौजूदगी रही। प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त सचिव डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय के नेतृत्व में काशीपुर से सैकड़ों वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता बसों के काफिले के साथ हल्द्वानी पहुंचे।

रैली में पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए यह आयोजन राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के साथ ही पुरानी यादों को ताजा करने वाला भी रहा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि करीब 25 साल बाद वे इस तरह बसों से सामूहिक रूप से किसी बड़ी कांग्रेस रैली में शामिल हुए हैं। इस दौरान उन्हें पूर्व सांसद स्व. सत्येंद्र चंद्र गुड़िया की याद आई। कार्यकर्ताओं के मुताबिक स्व. गुड़िया भी अपने कार्यकर्ताओं को परिवार की तरह साथ लेकर लखनऊ, दिल्ली और देहरादून सहित विभिन्न स्थानों पर होने वाली बड़ी रैलियों में पहुंचते थे।
वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने कहा कि स्व. गुड़िया की कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की परंपरा को अब उनकी पुत्री डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय आगे बढ़ा रही हैं। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को उन्होंने संगठन में नई ऊर्जा और एकजुटता का संकेत बताया।

डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की बयार बह रही है। हल्द्वानी से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने परिवर्तन का शंखनाद कर दिया है। इससे पहले देहरादून में राहुल गांधी की युवा सभा ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरा है। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता यह संकेत दे रही है कि कांग्रेस प्रदेश में मजबूत विकल्प के रूप में सामने आ रही है।

रैली में डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय के साथ मनोज जोशी एडवोकेट, संजय चतुर्वेदी, विमल गुड़िया, उमेश जोशी एडवोकेट, इंदर सिंह एडवोकेट, सरित चतुर्वेदी, ब्रह्म पाल, माजिद अली, अशोक नेहरू, अब्दुल समद, महेंद्र लोहिया, राजेश कुमार एडवोकेट, निशित गुड़िया, दीपक गुप्ता, इकबाल अदीब, नजाकत हुसैन, विकल्प गुड़िया, दलजीत सिंह महल, संदीप चतुर्वेदी, तनवीर एडवोकेट, संगीता यादव, तरुण लोहानी, अजय शर्मा, यथार्थ आत्रेय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।









