(खून के निशान मिटाने और शव को दूसरी जगह ले जाकर घटनास्थल बदलने का आरोप)
काशीपुर। महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में कोतवाली आईटीआई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने फर्श पर पड़े खून के निशान मिटाने का प्रयास किया और शव को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाकर घटनास्थल बदलने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से मौत हो गई थी। मामले में मृतका के परिजन फईम हुसैन पुत्र स्व. फरियाद हुसैन निवासी महुआखेड़ागंज की तहरीर पर 11 सितंबर को कोतवाली आईटीआई में मुकदमा संख्या 286/26, धारा 103(1), 238 व 61(2) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस को घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी।
राधास्वामी सत्संग के पास दबोचे
12 सितंबर को पुलिस टीम चौकी पैगा क्षेत्र में तलाश और विवेचनात्मक कार्रवाई में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले मार्ग पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी की गई। पुलिस ने मौके से साजिद, सबीना और फिजा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और तलाशी के दौरान साजिद के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ धारा 105/91(2), 238 बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
छोटी बेटी से चली गोली
पुलिस पूछताछ में साजिद ने बताया कि उसने करीब छह माह पूर्व 12 बोर का तमंचा महुआखेड़ा निवासी जमील से लिया था। पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच छीनाझपटी हुई, इसी दौरान साजिद की छोटी बेटी से गोली चल गई, जो मेहविश को लगी और उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद साजिद और उसकी पुत्री फिजा ने फर्श पर पड़े खून के धब्बों को मिटाने का प्रयास किया। इसके बाद साजिद ने शव को अपने घर से हटाकर मृतका के घर पहुंचा दिया, ताकि घटनास्थल को बदला जा सके। तीनों आरोपी इसके बाद फरार होने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी: साजिद पुत्र जुम्मा (50), सबीना पुत्री साजिद (18) और फिजा पुत्री साजिद (20), सभी निवासी ग्राम मड़ैया देवी, महुआखेड़ागंज, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय, चौकी प्रभारी पैगा विक्रम सिंह धामी, अ0उ0नि0 दीपक चौहान, कांस्टेबल हरीश नेगी, जगदीश दुगताल, महिला कांस्टेबल राधा गोस्वामी और कांस्टेबल धर्मेन्द्र भारती।









