होली एंजल पब्लिक स्कूल में देवभूमि सहोदया अन्तर्गत अण्डर-16 इंटर स्कूल बालिका वॉलीबॉल चैम्पियनशिप का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

काशीपुर। खरमासा स्थित होली एंजल पब्लिक स्कूल में देवभूमि सहोदया अन्तर्गत अण्डर-16 इंटर स्कूल बालिका वॉलीबॉल चैम्पियनशिप का मंगलवार को भव्य शुभारम्भ किया गया। विद्यालय का प्रांगण प्रातः से ही उल्लास, उमंग और खेल भावना से सराबोर रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा पधारे, जिनकी उपस्थिति ने उद्घाटन समारोह को गरिमामयी बना दिया। उनके प्रेरक उद्बोधन ने छात्राओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया।

विशिष्ट अतिथियों के रूप में विजेन्द्र सिंह चैधरी (अन्तर्राष्ट्रीय एथलीट), अनुराग सिंह (अध्यक्ष, तराई एसोसिएशन), कुलदीप सिंह (सचिव),, बसंत बल्लभ भट्ट, तथा सुशील शर्मा (महामंत्री एवं मान्यताप्राप्त विद्यालय संघ के अध्यक्ष)। ने अपनी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। विद्यालय परिवार की ओर से चेयरमैन नारायण सिंह बिष्ट, निर्देशक बलवंत सिंह बिष्ट, दिवान सिंह बिष्ट तथा किशन सिंह बिष्ट ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनन्दन किया। सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्या श्रीमती उपासना यादव जी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के बारह प्रतिष्ठित विद्यालयों की बालिका टीमों ने भाग लिया जिसमें होली एंजल पब्लिक स्कूल, द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, लिटिल स्कॉलर्स, समर स्टडी हॉल, श्री गुरुनानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, साई पब्लिक स्कूल, शैमफोर्ड स्कूल, राजपूताना कॉलेज, जेनेसिस इंटरनेशनल स्कूल, पायनियर्स अकैडमी, ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल तथा ग्रीन फील्ड अकैडमी रहे। प्रतियोगिता का प्रथम दिवस अत्यन्त सफल, ऊर्जावान एवं रोमांचकारी रहा। सभी टीमों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। प्रत्येक मैच में उत्साह और खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। दर्शकों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन कर पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। आज 15 अक्टूबर 2025 को प्रतियोगिता के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनके पश्चात् विजेता टीमों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में खेल भावना, आत्मविश्वास, नेतृत्व एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना है। विद्यालय परिवार ने प्रतियोगिता की सफलता हेतु सभी व्यवस्थाएँ पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ की हैं। आज का दिन न केवल खेल प्रतिभाओं के प्रदर्शन का रहा, बल्कि यह नारी शक्ति, एकता और उत्साह का भी प्रतीक बन गया। निस्संदेह, यह दिवस विद्यालय के गौरवशाली इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित होगा।

Prime Focus
Author: Prime Focus

Leave a Comment

और पढ़ें