काशीपुर। बकरी का बच्चा घर में घुसने से नाराज लोगों ने पड़ोसियों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कुमाऊं कॉलोनी कचनालगाजी निवासी गुलशेर पुत्र शाहिद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 19 मई की दोपहर करीब 1 बजे उसकी भाभी कोसर का बकरी का बच्चा पड़ोस के अनवार के आंगन में चला गया जहां अनवार की लड़की की शादी कि तैयारी चल रही थी। इस दौरान उसकी भाभी बकरी के बच्चे के पीछे गई तो अनवार व उसके लड़कों ने उसकी भाभी के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी भाभी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान भाभी जैसे तैसे घर आई तथा उसने घर वालो को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद जब उसके बड़े भाई अनीस, मां कुरेशा व बहिन शबाना घटना की जानकारी लेने अनवार के घर गये तो उसके दामाद यसीन व उसके लड़को ने उन पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में उसके भाई अनीस गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे जसपुर अड्डे स्थित एक निजी अस्तपाल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुयी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।









