जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर में अव्यवस्थाओं पर उठे सवाल, कई शिकायतें रहीं लंबित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

(कौनेन सैफी)

बाजपुर/सुल्तानपुर पट्टी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी योजना “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत सुल्तानपुर पट्टी के बुद्ध बाजार स्थित मौर्य धर्मशाला में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में लोगों को राहत के बजाय अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति और तकनीकी खामियों के चलते बड़ी संख्या में शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान नहीं हो सका।

शिविर में भाजपा के पूर्व प्रत्याशी राजेश कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव कुमार सैनी, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष यशपाल राजहंस, तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान, अधिशासी अधिकारी गीता चौधरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में राशन कार्ड, किसान सम्मान निधि, पेंशन, आधार कार्ड, राजस्व और अन्य योजनाओं से संबंधित करीब 70 शिकायतें दर्ज की गईं।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कई महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी शिविर में मौजूद नहीं थे, जिससे उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने कहा कि शिविर का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

नगर पंचायत के सभासद जॉनी मौर्य ने व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी से शिविर दोबारा आयोजित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में सभी विभागों के अधिकारी आवश्यक अभिलेखों के साथ मौजूद रहें, ताकि आम जनता को वास्तविक लाभ मिल सके।

नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव कुमार सैनी ने बताया कि प्राप्त सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नगर पंचायत कार्यालय में सात दिनों तक विशेष आधार केंद्र संचालित किया जाएगा।

तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि आधार मशीन समय पर नहीं पहुंचने और तकनीकी कनेक्टिविटी में देरी के कारण लोगों को परेशानी हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी कमियों को दूर कर शिविरों का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Prime Focus
Author: Prime Focus

Leave a Comment

और पढ़ें