जसपुर में नितिन हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कार बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पुरानी रंजिश में कार से बाइक को टक्कर मारकर कुचलने का आरोप, दोनों आरोपियों ने पूछताछ में जुर्म कबूला

जसपुर। जसपुर पुलिस ने नितिन हत्याकांड का महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

सोमवार को कोतवाली परिसर में मामले का खुलासा करते हुए कोतवाली प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि 10 जुलाई की रात करीब 10 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा रोड पर एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें तीन युवक घायल हो गए और कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो सड़क किनारे नहर में गिरी मोटरसाइकिल बरामद हुई। घायल युवकों की तलाश अस्पतालों में की गई, लेकिन तत्काल उनकी पहचान नहीं हो सकी।

अगले दिन 11 जुलाई को मृतक नितिन कुमार के पिता बनारसी दास ने थाना जसपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने कासमपुर निवासी पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मोनू और नई बस्ती निवासी जाकिर गुज्जर पर कार से जानबूझकर टक्कर मारकर हत्या करने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार गणपति के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर रविवार को हाईवे पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त बलेनो कार (यूपी-21-डीएफ-4379) सहित गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना से पहले उनका मृतक नितिन, लविश, हर्ष और उनके साथियों से विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उन्होंने नहर रोड पर नितिन और उसके साथियों की बाइक को कार से टक्कर मारकर कुचल दिया और मौके से फरार हो गए। दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

कोतवाल ने बताया कि आरोपी पुष्पेंद्र चौहान वर्ष 2020 में भी जबरन वसूली समेत अन्य धाराओं में जेल जा चुका है, जबकि जाकिर गुज्जर का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

इस कार्रवाई में कोतवाल राजेश पांडे, एसएसआई भूपाल राम पौड़ी, एसआई राजेंद्र प्रसाद मौनियाल, एसआई संतोष देवरानी, एसआई हरीश आर्या, एसआई रुचिका चौहान, एसआई ललित डिगारी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

एसएसपी का बयान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार गणपति ने कहा कि उधम सिंह नगर में हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। जनपद पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है तथा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले प्रत्येक अपराधी के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Prime Focus
Author: Prime Focus

Leave a Comment

और पढ़ें