काशीपुर के एसओजी इंचार्ज सुनील सुतेड़ी की रही अहम भूमिका

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराध मुक्त देवभूमि अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के विरुद्ध जनपदव्यापी विशेष अभियान चलाकर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जनपद स्तर पर गठित तीन विशेष पुलिस टीमों ने सभी कोतवाली एवं थाना क्षेत्रों में बाहरी राज्यों तथा गैर जनपदों से जारी शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान 678 शस्त्र लाइसेंसों को जांच के लिए चिन्हित किया गया, जिनमें से अब तक 626 का सत्यापन पूरा हो चुका है। जांच में 108 शस्त्र लाइसेंस संदिग्ध पाए गए, जबकि 94 लाइसेंस पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर 119 हथियार संबंधित थानों में जमा करा दिए हैं। शेष 52 लाइसेंसों का सत्यापन जारी है।
इस अभियान की शुरुआत 11 जून 2026 को कोतवाली कुंडा में दर्ज एफआईआर संख्या-150/2026 की विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के बाद की गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार शस्त्र और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए थे। जांच में यह भी सामने आया कि जनपद में कई लोग बाहरी राज्यों और अन्य जनपदों से जारी संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के आधार पर हथियार खरीदकर उनका उपयोग कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने 25 जून 2026 को तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन कर व्यापक सत्यापन अभियान शुरू कराया।
कोतवाली जसपुर
जसपुर क्षेत्र में 27 शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया गया। सभी 27 लाइसेंसों की जांच पूरी कर ली गई। जांच में तीन लाइसेंस संदिग्ध पाए गए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया। साथ ही पांच हथियार संबंधित थाने में जमा कराए गए।
कोतवाली कुंडा
कुंडा में 12 शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया गया और सभी की जांच पूरी हो गई। यहां सात लाइसेंस संदिग्ध पाए गए। पुलिस ने पांच लाइसेंस अपने कब्जे में लिए तथा नौ हथियार जमा कराए।
कोतवाली काशीपुर
काशीपुर में 66 लाइसेंस चिन्हित किए गए, जिनमें से 63 का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि तीन का सत्यापन शेष है। जांच के दौरान सात संदिग्ध लाइसेंस सामने आए। पुलिस ने सात लाइसेंस कब्जे में लेकर दस हथियार जमा कराए।
कोतवाली आईटीआई
आईटीआई थाना क्षेत्र में 65 लाइसेंसों में से 42 का सत्यापन किया गया है। 23 लाइसेंसों की जांच अभी बाकी है। यहां तीन संदिग्ध लाइसेंस मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर तीन हथियार जमा कराए।
कोतवाली बाजपुर
बाजपुर में सबसे बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। यहां 131 लाइसेंसों में से 119 का सत्यापन किया गया और 12 की जांच शेष है। जांच में 39 संदिग्ध लाइसेंस मिले। पुलिस ने सभी 39 लाइसेंस कब्जे में लेकर 43 हथियार जमा कराए।
थाना केलाखेड़ा
केलाखेड़ा में 25 शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन पूरा किया गया। यहां 12 लाइसेंस संदिग्ध पाए गए। पुलिस ने नौ लाइसेंस कब्जे में लिए और 12 हथियार जमा कराए।
कोतवाली गदरपुर
गदरपुर में 40 लाइसेंसों में से 38 का सत्यापन किया गया। दो का सत्यापन शेष है। यहां दस संदिग्ध लाइसेंस मिले। पुलिस ने दस लाइसेंस कब्जे में लेकर 13 हथियार जमा कराए।
थाना दिनेशपुर
दिनेशपुर में 17 लाइसेंस चिन्हित किए गए। इनमें से 14 का सत्यापन पूरा हुआ तथा तीन की जांच बाकी है। यहां तीन संदिग्ध लाइसेंस मिले। पुलिस ने दो लाइसेंस कब्जे में लेकर तीन हथियार जमा कराए।
कोतवाली पंतनगर
पंतनगर में 30 लाइसेंसों का सत्यापन पूरा कर लिया गया। यहां एक लाइसेंस संदिग्ध पाया गया, जबकि एक हथियार संबंधित थाने में जमा कराया गया।
कोतवाली ट्रांजिट कैम्प
ट्रांजिट कैम्प में 22 लाइसेंसों में से 19 का सत्यापन किया गया। तीन लाइसेंसों की जांच जारी है। यहां एक संदिग्ध लाइसेंस मिला तथा एक हथियार जमा कराया गया।
कोतवाली रुद्रपुर
रुद्रपुर में 47 लाइसेंसों में से 45 का सत्यापन पूरा हुआ। दो की जांच शेष है। यहां चार संदिग्ध लाइसेंस चिन्हित हुए, जिनमें से तीन लाइसेंस पुलिस ने कब्जे में लिए तथा एक हथियार जमा कराया गया।
कोतवाली किच्छा
किच्छा में 34 लाइसेंसों का सत्यापन पूरा किया गया। यहां दो हथियार जमा कराए गए। पुलिस ने इस क्षेत्र में किसी लाइसेंस को कब्जे में लेने की जानकारी नहीं दी।
थाना पुलभट्टा
पुलभट्टा में पांचों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन पूरा कर लिया गया। यहां कोई संदिग्ध लाइसेंस नहीं मिला।
कोतवाली सितारगंज
सितारगंज में 41 लाइसेंसों का सत्यापन पूरा किया गया। यहां 11 संदिग्ध लाइसेंस सामने आए। पुलिस ने छह लाइसेंस कब्जे में लेकर नौ हथियार जमा कराए।
कोतवाली नानकमत्ता
नानकमत्ता में 24 लाइसेंसों में से 22 का सत्यापन किया गया। दो की जांच बाकी है। यहां सात संदिग्ध लाइसेंस मिले। पुलिस ने सातों लाइसेंस कब्जे में लेकर सात हथियार जमा कराए।
कोतवाली खटीमा
खटीमा में 74 लाइसेंस चिन्हित किए गए। इनमें से 72 का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि दो की जांच शेष है। इस क्षेत्र में अब तक किसी संदिग्ध लाइसेंस को जब्त करने की जानकारी नहीं दी गई।
थाना झनकईया
झनकईया में 18 शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन पूरा कर लिया गया। यहां कोई संदिग्ध लाइसेंस नहीं पाया गया।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में फर्जी, संदिग्ध अथवा नियम विरुद्ध तरीके से प्राप्त किए गए शस्त्र लाइसेंसों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन लोगों ने अवैध अथवा संदिग्ध तरीके से शस्त्र लाइसेंस प्राप्त किए हैं, उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।









