काशीपुर में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर सोसायटी की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

—अवैध मेडिकल स्टोरों पर होगी कार्रवाई : योगेश विश्नोई—

काशीपुर। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर सोसायटी (रजि.) काशीपुर, जो उत्तरांचल औषधि व्यवसायी महासंघ उत्तराखंड (रजि.) से संबद्ध है, की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह एवं आमसभा रविवार को रामनगर रोड स्थित होटल अनन्या रीजेंसी में आयोजित की गई। समारोह में नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने अपने-अपने दायित्वों का विधिवत शपथ ग्रहण किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तरांचल औषधि व्यवसायी महासंघ के प्रदेश महामंत्री अमित गर्ग (हरिद्वार) ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। समारोह की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष बीएस मनकोटी (अल्मोड़ा) ने की। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन की एकजुटता, दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा तथा समाज सेवा के कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। आमसभा में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, औषधि व्यवसाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

समारोह में बड़ी संख्या में दवा व्यवसायियों ने नई कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। नव निर्वाचित कार्यकारिणी में योगेश विश्नोई को अध्यक्ष, राजेश बाली को महामंत्री, मनीष चावला को उपाध्यक्ष तथा प्रशांत अरोरा (बॉबी) को कोषाध्यक्ष चुना गया। कार्यकारिणी सदस्यों में सईद अहमद, गोल्डी सिंह, चरणजीत सिंह, सचिन अरोरा, विपिन लाल और बलजीत सिंह शामिल हैं।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष योगेश विश्नोई ने कहा कि शहर में अनाधिकृत रूप से संचालित मेडिकल स्टोरों को मुख्यधारा में आकर सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी, अन्यथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील की कि वे अपने लाइसेंस की अवधि समाप्त होने से कम से कम तीन माह पूर्व उसका नवीनीकरण अवश्य करा लें, ताकि किसी प्रकार की कानूनी या प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ तथा समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। समारोह में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से आए औषधि व्यवसायियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर सर्वेश अरोरा, मनीष अग्रवाल, संजय ठाकुर, भवन जोशी, समीर चतुर्वेदी, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, दीपक मित्तल, अजय गर्ग, प्रभात अरोरा, प्रियांशु बंसल, सहायक चुनाव अधिकारी मुकेश चावला, चुनाव अधिकारी योगेंद्र मोहन सक्सैना, विवेक बिश्नोई, भुवनेश कुमार बिश्नोई, रईस अहमद सहित सैकड़ों औषधि विक्रेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी एवं शानदार संचालन प्रियांशु बंसल ने किया। समारोह का समापन सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं दवा व्यवसायियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकजुटता तथा औषधि व्यवसायियों के हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।

Prime Focus
Author: Prime Focus

Leave a Comment

और पढ़ें