नवजात शिशुओं की देखभाल के मेडिको-लीगल पहलुओं पर पहली भारतीय पुस्तक लॉन्च

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

(काशीपुर के वरिष्ठ नियोनेटोलॉजिस्ट डॉ. रवि सहोता सहित तीन विशेषज्ञों ने लिखी पुस्तक)
(भारत में नवजात शिशुओं की देखभाल के मेडिको-लीगल पहलुओं पर पहली व्यावहारिक गाइड)

काशीपुर/चंडीगढ़। नवजात शिशुओं की चिकित्सा एवं देखभाल से जुड़े कानूनी पहलुओं पर भारत की पहली पुस्तक ‘मेडिको-लीगल एस्पेक्ट्स ऑफ नियोनेटल केयर: एन इंडियन प्रैक्टिकल गाइड फॉर नियोनेटोलॉजिस्ट्स‘ का विमोचन किया गया। पुस्तक का लॉन्च नेशनल प्रेसिडेंट डॉ. नीलम मोहन ने किया। पुस्तक के लेखकों ने इसे उनके लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताया।

पुस्तक में नवजात शिशुओं के इलाज के दौरान सामने आने वाली कानूनी और चिकित्सीय चुनौतियों को भारतीय संदर्भ में व्यावहारिक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इसमें सूचित सहमति, मरीज और परिजनों से संवाद, चिकित्सा दस्तावेजीकरण, डिस्चार्ज योजना, फॉलोअप, मेडिकल रिकॉर्ड, नवजात शिशु की मृत्यु, हाइपोक्सिक-इस्केमिक चोट, न्यूरोलॉजिकल जटिलताएं, समय से पहले जन्मे बच्चों में रेटिनोपैथी, शिकायतों और कानूनी नोटिस जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।

पुस्तक में इस बात पर जोर दिया गया है कि बेहतर मेडिको-लीगल प्रैक्टिस मरीजों की गुणवत्तापूर्ण देखभाल का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पारदर्शिता, जवाबदेही, सही दस्तावेजीकरण और देखभाल की निरंतरता को विशेष महत्व दिया गया है। पुस्तक का आधिकारिक परिचय नेशनल युवा पेडिकॉन, चंडीगढ़ और नेशनल नियोकॉन, दिल्ली में कराया जाएगा।

पुस्तक के लेखकों में चंडीगढ़ के नियोनेटोलॉजिस्ट डॉ. विक्रम बेदी, काशीपुर के सहोता सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के निदेशक एवं नियोनेटोलॉजिस्ट डॉ. रवि सहोता तथा नियोनेटोलॉजिस्ट डॉ. अक्षदीप कौर शामिल हैं। पुस्तक को नियोनेटोलॉजिस्ट, बाल रोग विशेषज्ञ, फेलो, रेजिडेंट, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल प्रशासकों के लिए उपयोगी संदर्भ बताया गया है।

(प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञों डॉ. नीलम मोहन और डॉ. पंकज गर्ग ने की पुस्तक की सराहना)

नवजात शिशु चिकित्सा से जुड़ी इस पुस्तक को देश और विदेश के प्रतिष्ठित बाल रोग विशेषज्ञों डॉ. नीलम मोहन और डॉ. पंकज गर्ग का विशेष मार्गदर्शन और सराहना मिली है। दोनों वरिष्ठ चिकित्सकों ने पुस्तक की प्रस्तावना (Preface) लिखी है और इसके विषय, व्यावहारिक उपयोगिता तथा चिकित्सा क्षेत्र में इसकी आवश्यकता की प्रशंसा की है।

लेखकों के अनुसार, एक वर्ष से अधिक समय तक गहन संपादन, संशोधन और विचार-विमर्श के बाद तैयार हुई यह पुस्तक विशेष रूप से बाल रोग विशेषज्ञों, नवजात शिशु विशेषज्ञों, मेडिकल विद्यार्थियों, नर्सिंग स्टाफ तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों के लिए उपयोगी साबित होगी।

पुस्तक का उद्देश्य नवजात शिशु चिकित्सा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को सरल, व्यावहारिक और चिकित्सकीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत करना है, ताकि इसका लाभ रोज़मर्रा की क्लिनिकल प्रैक्टिस में भी मिल सके।

पुस्तक का औपचारिक अनावरण नेशनल युवा PEDICON, चंडीगढ़ तथा नेशनल NEOCON, दिल्ली में किया जाएगा।

Prime Focus
Author: Prime Focus

Leave a Comment

और पढ़ें