‘भाजपा बताए, दलित समाज से इतना भेदभाव क्यों?’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अलका पाल का तीखा हमला, बोलीं—7 सितंबर को देहरादून में होगा ऐतिहासिक मुख्यमंत्री आवास घेराव

काशीपुर। दलित समाज के अपमान से जुड़े मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा और तेज कर दिया है। महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 7 सितंबर को देहरादून में होने वाला मुख्यमंत्री आवास घेराव ऐतिहासिक होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित समाज के सम्मान से जुड़े इतने संवेदनशील मामले में भाजपा का रवैया बेहद संवेदनहीन है।

अलका पाल ने कहा कि भाजपा एक ओर समाज में समानता और सबका साथ देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी रैली के बाद भाजपा नेताओं द्वारा मंच स्थल का शुद्धिकरण किया जाना दलित समाज के सम्मान पर सीधा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को केवल राजनीतिक मामला नहीं, बल्कि संविधान और सामाजिक समानता से जुड़ा सवाल मानती है।

उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि आखिर दलित समाज के प्रति इतना भेदभाव क्यों किया जा रहा है। अलका पाल ने कहा कि जिन लोगों पर शुद्धिकरण जैसी कार्रवाई करने के आरोप हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सोच मनुवादी और सामंतवादी है, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

‘देश मनुवादी विचारधारा से नहीं, संविधान से चलेगा’ कहते हुए अलका पाल ने कहा कि भारत का लोकतंत्र समानता और संवैधानिक अधिकारों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के सम्मान के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

अलका पाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 7 सितंबर को बड़ी संख्या में देहरादून पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास घेराव के जरिए भाजपा सरकार को दलित समाज के सम्मान से जुड़े सवालों पर जवाब देना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने की अपील की।

Prime Focus
Author: Prime Focus

Leave a Comment

और पढ़ें