
काशीपुर। महिलाओं को विधानसभा और लोकसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण शीघ्र दिए जाने की मांग को लेकर आज महानगर महिला कांग्रेस ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
महानगर अध्यक्ष पूजा सिंह के नेतृत्व में भेजे ज्ञापन में महामहिम राष्ट्रपति से अनुरोध किया गया कि विगत दिनों भारत सरकार द्वारा संसद में विधानसभा और लोकसभा में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के विषय में अध्यादेश पास किया गया था, जिसका लाभ विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं को प्राप्त होना है। लंबे समय के बाद भी अभी तक इस अध्यादेश को लागू नहीं किया गया है, जिसका लाभ देश की आधी से अधिक आबादी को अभी तक प्राप्त नहीं कर पा रहा है। उन्होंने आग्रह किया कि उक्त अध्यादेश को यथाशीघ्र लागू करवाने का आदेश जारी करने की कृपा करे, जिससे आगामी चुनाव में महिलाओं को उनकी भागीदारी के अनुसार आरक्षण प्राप्त हो सके। पूर्व में भी तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के द्वारा स्थानीय और पंचायत चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का अध्यादेश जारी किया गया था, जिसका लाभ आज महिलाओं को प्राप्त हो रहा है। संसद में पारित अध्यादेश के लागू होने से आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। ज्ञापन देने वालों में अलका पाल, रंजना गुप्ता, रूचिका अरोरा, राजरानी बत्रा, रोशनी बेगम, आशा श्रीवास्तव, लता शर्मा, फरहीन, संगीता यादव, शमा परवीन शामिल रहे।









