(बाज़पुर, सुल्तानपुर पट्टी) नगर में स्थित बुधबाजार चौराहे पर नेशनल हाईवे-74 के नीचे बनी पुलिया के एक साइड का हिस्सा एक महीने से टूटा पड़ा है, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन इसे ठीक कराने की कोई सुध नहीं ले रहा है। स्थानीय लोग इसे किसी बड़ी दुर्घटना का न्योता मान रहे हैं और प्रशासन की उदासीनता पर सवाल उठा रहे हैं।
बता दे करीब एक माह पहले नगर पंचायत ने पुलिया की सफाई का ठेका दिया था। सफाई के दौरान कचरा ज्यादा होने के कारण ठेकेदार ने पुलिया के एक साइड का हिस्सा तोड़कर पुलिया की सफाई कर उसे सही करने की जगह वहा से नो दो ग्यारह हो लिए। इसके बाद से ही पुलिया अपनी बदहाल स्थिति में जस की तस पड़ी हुई है। इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों में रोष
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर पंचायत प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के कारण यहां दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है। लोगों ने जल्द से जल्द पुलिया की मरम्मत की मांग की है, ताकि कोई अनहोनी होने से पहले ही इसे ठीक किया जा सके।
प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
प्रशासन की लापरवाही से जनता नाराज है और इसे आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ बताया जा रहा है। अब देखना होगा कि नगर पंचायत प्रशासन कब तक इस समस्या को नजरअंदाज करता रहेगा या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा।









