वाॅलीबाॅल प्रतियोगिता में ग्रीन फील्ड अकैडमी रही विजेता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

—होली एंजल पब्लिक स्कूल, में इंटर स्कूल बालिका वॉलीबॉल चैम्पियनशिप का समापन—

काशीपुर। खरमासा स्थित होली एंजल पब्लिक स्कूल, खरमासा में आज देवभूमि सहोदया अन्तर्गत अण्डर-16 इंटर स्कूल बालिका वॉलीबॉल चैम्पियनशिप का भव्य समापन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। विद्यालय का प्रांगण प्रातः से ही उल्लास, उमंग और खेल भावना से ओतप्रोत रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल अजय कुमार उपाध्याय (सीएओ, आईआईएम काशीपुर), विजेन्द्र सिंह चैधरी (अंतर्राष्ट्रीय एथलीट) तथा आसिफ खान (हेड लाइब्रेरियन, आईआईएम काशीपुर) पधारे। इनके साथ मंच को गरिमा प्रदान करने वाले विशिष्ट अतिथि के रूप में भास्कर मिश्रा (प्रधान, खरमासा भीमनगर), श्रीमती कंचन (प्रधानाचार्या, ग्रीन फील्ड अकैडमी), ललित रौतेला (प्रबंध निदेशक पायनियर्स अकैडमी एवं सचिव, तराई एसोसिएशन), सुश्री शिवानी मल्होत्रा (सचिव, ज्ञानार्थी मीडिया कॉलेज), सुश्री प्रतिमा सिंह (संस्थान प्रमुख, ज्ञानार्थी मीडिया कॉलेज) तथा कैप्टन बच्छन नेगी (अध्यक्ष, विजयपथ पूर्व सैनिक संगठन) मौजूद रहे। इन सभी अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा में चार चाँद लगा दिए।

विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्या श्रीमती उपासना यादव जी ने सभी माननीय अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सादर स्वागत एवं अभिनन्दन किया। सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन उनके कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा में सम्पन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के बारह प्रतिष्ठित विद्यालयों की बालिका टीमों ने भाग लिया जिसमें होली एंजल पब्लिक स्कूल, द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, लिटिल स्कॉलर्स, समर स्टडी हॉल, श्री गुरुनानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, साई पब्लिक स्कूल, शैमफोर्ड स्कूल, राजपूताना कॉलेज, जेनेसिस इंटरनेशनल स्कूल, पायनियर्स अकैडमी, ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल तथा ग्रीन फील्ड अकैडमी शामिल रहे।

प्रतियोगिता का प्रथम दिवस अत्यंत रोमांचक एवं उत्साहवर्धक रहा, वहीं आज का दिवस फाइनल मुकाबलों की जोशपूर्ण घड़ियों का साक्षी बना। सभी टीमों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। मैदान में हर सर्व और स्मैश ने यह सिद्ध किया कि “जीत उन्हीं की होती है जो पूरी निष्ठा और साहस के साथ खेलते हैं।” दर्शकों ने छात्राओं के उत्साहवर्धन से पूरे वातावरण को खेलोत्सव में परिवर्तित कर दिया।


वाॅलीबाॅल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ग्रीन फील्ड अकैडमी, काशीपुर व द्वितीय स्थान श्री गुरुनानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काशीपुर रहे। मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार, पदक एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। उनके उत्साहवर्धक शब्दों ने छात्राओं को यह प्रेरणा दी कि वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में इसी समर्पण और जोश के साथ आगे बढ़ें।
समापन सत्र में प्रधानाचार्या श्रीमती उपासना यादव ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं आयोजन टीम को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा “खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, यह जीवन का वह मूल्य है जो हमें अनुशासन, एकता और आत्मबल सिखाता है।” आज का दिन केवल विजय का नहीं, बल्कि नारी शक्ति, आत्मविश्वास, खेल भावना और सहयोग का उत्सव बन गया। निश्चित ही यह दिवस होली एंजल पब्लिक स्कूल के गौरवशाली इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।

Prime Focus
Author: Prime Focus

Leave a Comment

और पढ़ें