काशीपुर। नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने व लोगों को वायु प्रदूषण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाये जा रहे ‘‘वायु प्रदूषण जागरूकता सप्ताह’’ का आज सफल समापन हो गया।

बता दें महापौर दीपक बाली एवं नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन में नगर निगम ने ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025’ की तैयारियों को नई ऊंचाई देते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त कदम उठाया है। शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से 05 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक आयोजित ‘वायु प्रदूषण जागरूकता सप्ताह’ का आज भव्य समापन हुआ। अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को वायु प्रदूषण के खतरों से अवगत कराना और विशेष रूप से ‘ओपन बर्निंग’ (खुले में कूड़ा जलाना) की प्रथा पर पूर्ण विराम लगाना रहा। प्रथम दिवस (शॉप-टू-शॉप) अभियान की शुरुआत बाजारों से हुई, जहां व्यापारियों और ग्राहकों को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। द्वितीय दिवस (वार्ड स्तर) डोर-टू-डोर अभियान के जरिए नगर के सभी वार्डों में घर-घर जाकर नागरिकों को कूड़ा न जलाने के लिए प्रेरित किया गया। तृतीय दिवस (संस्थान एवं कार्यालय) सरकारी कार्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में कोतवाली में नीले और हरे डस्टबिन का वितरण कर कूड़ा निस्तारण की वैज्ञानिक पद्धति को समझाया गया। चतुर्थ दिवस (स्ट्रीट वेंडर्स) सड़कों पर खाद्य सामग्री बेचने वाले वेंडर्स को प्रदूषण मुक्त कार्यप्रणाली अपनाने के लिए जागरूक किया गया। पंचम दिवस (सख्ती और चालान) केवल जागरूकता ही नहीं, बल्कि उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की गई। अभियान के दौरान खुले में कूड़ा जलाते पाए जाने पर 15 से 20 चालान काटे गए। षष्ठम दिवस (विशाल रैली और शपथ) अंतिम दिन निगम प्रांगण से पूरे बाजार क्षेत्र में एक वृहद रैली निकाली गई। नगर निगम के मुख्य द्वार पर व्यापारियों, वेंडर्स और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने एकजुट होकर ‘स्वच्छता शपथ’ ली। यह अभियान स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल सिद्ध हुआ है।

इस अभियान को सफल बनाने में सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, स्वास्थ्य एवं सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, निगम कर्मचारियों और पीएमयू टीम, भाषा सूत्र से आरजू पाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं (रेनू नौटियाल, कमलेश, मधु, फरीदा, मीनाक्षी, ज्योति और सुनीता, रेखा, गायत्री, ममता, उषा, कुसुम, पूनम, सोनिया, बबीता, पूजा, पुष्पा, रितु, गीता, दीपा, अनुराधा, भीष्म रानी, अंजलि) ने जमीनी स्तर पर जन-जागरण को नई शक्ति प्रदान की। नगर निगम काशीपुर ने इस अभियान के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि स्वच्छ वायु और हरा-भरा शहर केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।








