काशीपुर। काशीपुर को स्वच्छ एवं सुरक्षित शहर बनाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब कॉर्बेट काशीपुर ने माननीय मेयर दीपक बाली के साथ मिलकर एक जागरूकता अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर जागरूकता बैनर लगाए गए, जिनके माध्यम से नागरिकों को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि काशीपुर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
इस अवसर पर सभी रोटेरियनों द्वारा मेयर दीपक बाली के अथक, निरंतर और समर्पित कार्यों की खुले मंच से सराहना की गई। रोटरी सदस्यों ने कहा कि स्वच्छता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को लेकर मेयर द्वारा किए जा रहे प्रयास काशीपुर के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अभियान के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि हमें न केवल स्वयं अपने आसपास की सड़कों और गलियों को साफ रखना है, बल्कि अपने बच्चों को भी स्वच्छता और सुरक्षा का महत्व सिखाना है, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें। साथ ही समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इन नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना भी हम सभी का दायित्व है।
इस अभियान का नेतृत्व रोटरी क्लब कॉर्बेट काशीपुर के अध्यक्ष डॉ. रवि सहोता ने किया। कार्यक्रम में सुरुचि सक्सेना, दीपिका गुड़िया, सुखविंदर सिंह, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. अनिल लड्डा, डॉ. नवप्रीत सहोता, अंकित राजवंश, ओंकार एवं हर्ष बजाज उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब कॉर्बेट काशीपुर ने यह भी घोषणा की कि आगामी दिनों में क्लब द्वारा घर-घर जाकर स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिससे काशीपुर को एक स्वच्छ, सुरक्षित और जागरूक शहर बनाया जा सके।











